Hanumangarh News: जमीन पर काश्त को लेकर विवाद में खेत में काम कर रहे युवक पर हमला
ईंटें फेंककर दी जान से मारने की धमकी
हनुमानगढ़। जमीन पर काश्त को लेकर विवाद के चलते एक दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, प्रेम कुमार (28) पुत्र काशीराम मेघवाल निवासी दुलमाना ने रिपोर्ट दी कि उसने रामकुमार पुत्र भूपराम बिश्नोई निवासी पीलीबंगा की चक 16 एसटीजी स्थित 25 बीघा जमीन हिस्सा काश्त पर ली हुई है। 27 अप्रैल को वह खेत में कुएं की कृषि मोटर की सफाई कर रहा था, तभी कृष्ण कुमार पुत्र देवीलाल बिश्नोई निवासी 16 एसटीजी ढाणी अपने साथ एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने जमीन पर काश्त करने को लेकर विवाद शुरू किया और कहा कि यह जमीन वे पिछले एक वर्ष से काश्त कर रहे हैं। इसी बात को लेकर आरोपियों ने प्रेम कुमार के साथ अभद्र व्यवहार किया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां दीं।
प्रार्थी के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर जमीन मालिक रामकुमार और उनकी पत्नी सुनीता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि कृष्ण कुमार, रामचन्द्र पुत्र देवीलाल, आनंद पुत्र रामचन्द्र व एक अन्य ने मिलकर कस्सी के डंडे से हमला किया तथा जान से मारने की नीयत से पक्की ईंटें भी फेंकी। Hanumangarh News
घटना के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा खेत में दिखाई दिया तो जान से मार देंगे। पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागा। उसने आरोपियों से अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ एससीएसटी सेल करण सिंह को सौंपी गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खेत से लौट रहे युवक पर जानलेवा हमला रुपए छीनने का आरोप
हनुमानगढ़। खेत से घर लौट रहे एक युवक पर घात लगाकर हमला करने और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस की ओर से पहले कार्रवाई नहीं करने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी, जिसके बाद अब गोलूवाला पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है। Hanumangarh News
जानकारी के अनुसार, परिवादी सुखपाल सिंह पुत्र जयराम निवासी अमरसिंहवाला ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे प्रार्थना पत्र में बताया कि 11 अप्रैल को रात्रि करीब 8 से 8.30 बजे वह अपने खेत से घर लौट रहा था। जैसे ही वह हड्डा रोड़ी के पास गली में पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे हनी पुत्र काका सिंह, जशनप्रीत पुत्र मिट्ठू सिंह, विशाल पुत्र जीतराम और सोनू सिंह-लभूसिंह पुत्र नाजर सिंह ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर लाठी, गंडासी और साइकिल चेन जैसे हथियारों से लैस थे और उन्होंने सुखपाल सिंह के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी जेब में रखे करीब 1200 रुपए भी छीन लिए गए। पीड़ित के शोर मचाने पर मौके पर मदन लाल, आदराम, मनजीत सिंह उर्फ धोलू सहित आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्हें देख आरोपी वहां से भागकर मनप्रीत कौर के घर में घुस गए।
आरोप है कि वहां से भी आरोपियों ने ग्रामीणों में डर का माहौल बनाने के लिए हथियार लहराए। हमले में सुखपाल सिंह के सिर में गंभीर चोट आई, जिस पर उसे तुरंत सीएचसी गोलूवाला में भर्ती करवाया गया, जहां उसके सिर में तीन टांके लगाए गए। उपचार के बाद 13 अप्रैल को उसे छुट्टी दे दी गई। पीड़ित ने 12 अप्रैल को ही ग्रामीणों के माध्यम से पुलिस थाना गोलूवाला में शिकायत भिजवाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने 28 अप्रैल को एसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के बाद अब आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News
