फर्जी इकरारनामों से जमीन कब्जाने का प्रयास
पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Hanumangarh: अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नोहर के न्यायालय से प्राप्त इस्तगासा के आधार पर नोहर पुलिस थाना में फर्जी दस्तावेजों के जरिए कृषि भूमि पर कब्जा करने के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। परिवादी देवकृष्ण (28) पुत्र गंगाबिशन निवासी वार्ड नम्बर 17, नोहर ने परिवाद-पत्र में आरोप लगाया कि उसकी पैतृक कृषि भूमि, जो चक राजासर क्षेत्र में स्थित है और वर्तमान में उसके नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, पर कुछ व्यक्तियों की ओर से आपराधिक षड्यंत्र रचकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए हैं।
परिवादी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को आरोपी विनोद कुमार पुत्र मोहनलाल निवासी कन्दोई मोहल्ला, नोहर, विनोद कुमार की पत्नी पुष्पा देवी, हरीकिशन पुत्र भादरराम निवासी बिरकाली, साहबराम पुत्र भादरराम निवासी बिरकाली, शंकरलाल पुत्र बनवारीलाल निवासी नोहर, मनोहर पुत्र अमरसिंह निवासी बड़बिराना, मकसूद पठान पुत्र सलामुदीन पठान निवासी वार्ड संख्या 34, नोहर वगैरा उसके खेत में पहुंचे और कथित रूप से फर्जी इकरारनामों के आधार पर जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने मृतक दादा के नाम से कूटरचित हस्ताक्षर कर दस्तावेज तैयार किए और स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए कार्रवाई से बचने की बात कही। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई रामप्रताप को सौंपी गई है।