Hanumangarh News: फर्जी मेडिकल दस्तावेज लगाकर जमानत लेने की कोशिश
पत्नी की बीमारी का हवाला देकर मांगी थी अंतरिम जमानत, जांच में पर्चियां निकलीं संदिग्ध
एनडीपीएस कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज
हनुमानगढ़। एनडीपीएस प्रकरण में गिरफ्तार एक आरोपी की ओर से फर्जी मेडिकल दस्तावेजों के आधार पर अंतरिम जमानत लेने की कोशिश का मामला सामने आया है। मामले में विशिष्ट न्यायाधीश, एनडीपीएस प्रकरण हनुमानगढ़ ने सख्त रुख अपनाते हुए जमानत प्रार्थना पत्र खारिज कर दिया तथा संबंधित आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। Hanumangarh News
जानकारी के अनुसार, टाउन पुलिस थाना में दर्ज एफआईआर संख्या 792/2025, धारा 8/18, 22 एनडीपीएस एक्ट में आरोपी विशाल पुत्र श्रीराम निवासी मूलराज नगर तहसील लोहावट जिला फलौदी ने अंतरिम जमानत के लिए न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। आरोपी ने अपने आवेदन में बताया कि उसकी पत्नी शीला (28) अधिक मासिक रक्त स्त्राव की गंभीर बीमारी से पीड़ित है तथा उसका इलाज जोधपुर स्थित मथुरादास माथुर चिकित्सालय में चल रहा है। साथ ही चिकित्सकों की ओर से ऑपरेशन की सलाह दिए जाने का हवाला देते हुए दो माह की अंतरिम जमानत मांगी गई थी। न्यायालय में प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के दौरान पुलिस की ओर से मथुरादास माथुर चिकित्सालय, जोधपुर से रिपोर्ट प्राप्त की गई।
रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि संबंधित पर्चियों पर लिखी गई मरीज की हिस्ट्री और उपचार संबंधी विवरण चिकित्सकों की ओर से नहीं लिखे गए हैं। इससे यह संदेह प्रकट हुआ कि आरोपी पक्ष ने जमानत प्राप्त करने के उद्देश्य से दस्तावेजों में कूटरचना की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी का अंतरिम जमानत प्रार्थना पत्र निरस्त कर दिया। साथ ही आदेश दिया कि आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए।
न्यायालय के आदेश की पालना में जंक्शन पुलिस थाना में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच उप निरीक्षक गजेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में दस्तावेजों की सत्यता और कूटरचना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

