सैलून पर चोरी, ताला तोड़कर नकदी व हजारों का सामान पार

दो युवकों पर लगाया आरोप, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र के रूपनगर इलाके में एक सैलून की दुकान का ताला तोड़कर नकदी और हजारों रुपए का सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में वार्ड नम्बर 38, रूपनगर निवासी रवि कुमार (25) पुत्र विनोद कुमार धाणक ने बताया कि वह नाई का कार्य करता है तथा उसकी दुकान रूपनगर में स्थित है। रवि कुमार के अनुसार वह 25 अप्रैल की रात अपनी दुकान को अच्छी तरह बंद कर ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन 26 अप्रैल की सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखा सामान गायब था। Hanumangarh News

घटना की जानकारी मिलने पर उसने अपने पिता को मौके पर बुलाया और दुकान का सामान चैक किया। जांच करने पर पता चला कि दुकान से नाई के काम में उपयोग होने वाला काफी सामान चोरी हो चुका है। चोरी हुए सामान में दो चिमटे, तीन कटिंग मशीनें, पांच छोटी कैंचियां, तीन कटिंग सीटें, 14 छोटे कंघे, मशीनों के 13 छोटे-बड़े कंघे, पांच हेयर क्लिप, तीन रेजर उस्तरे, दो कटिंग ब्रश, दो हेयर कलर, करली हेयर लोशन क्रीम, धागों के चार पीस, डीटैन कैप्सूल का डिब्बा, वैक्स, वैक्स मशीन, हल्दी लेप, स्क्रब, हेयर स्पा, ब्लेंडर कलर, शेविंग क्रीम, तीन तौलिए, दो हेयर ड्रायर मशीनें तथा छह पीस ओ-प्लस थ्री किट फेसियल शामिल हैं।

इसके अलावा दुकान के गल्ले में रखे छह हजार रुपए नकद भी चोरी हो गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई है। रिपोर्ट में रवि कुमार ने रूपनगर निवासी सुमित पुत्र विष्णु वाल्मीकि तथा हिमांशु पुत्र चुन्नीलाल वाल्मीकि पर चोरी करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि जानकारी जुटाने पर पता चला कि दोनों आरोपियों ने रात के समय दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सोहनलाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts