Punjab
सूने मकान में लाखों की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
जंक्शन की दीप कॉलोनी में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी
हनुमानगढ़। जंक्शन की दीप कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 17 स्थित दीप कॉलोनी निवासी 67 वर्षीय आत्मासिंह पुत्र जोगेन्द्र सिंह तरखान ने रिपोर्ट दी कि वह 6 मई को अपनी पत्नी सहित अपने पुत्र शैलेन्द्रपाल सिंह के पास जयपुर गया हुआ था। उनके मकान पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि 6 और 7 मई की मध्य रात्रि को दो अज्ञात व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसे। आरोपियों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ा और मकान में प्रवेश कर दो बैडरूमों के ताले तथा अलमारियों के लॉक तोड़ दिए। चोर करीब सात तोले सोने के जेवरात, चांदी के सिक्के और करीब एक लाख 35 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। आरोपियों ने कमरों और अलमारियों में रखा सामान भी बिखेर दिया। घटना का पता 8 मई की शाम करीब चार बजे लगा, जब घर में काम करने वाली महिला सफाई के लिए पहुंची। मुख्य गेट नहीं खुलने पर उसने पड़ोसी प्रिंस जिंदल को सूचना दी।
प्रिंस जिंदल ने दीवार फांदकर अंदर जाकर देखा तो घर के ताले टूटे हुए मिले। इसके बाद उन्होंने फोन पर आत्मासिंह को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर आत्मासिंह 9 मई को जयपुर से हनुमानगढ़ पहुंचा और पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई। प्रार्थी ने बताया कि चोरी की वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई चिरंजीलाल शर्मा को सौंपी है। Hanumangarh News
