राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप के लिए चार खिलाड़ियों का चयन
जिले के अन्य खिलाड़ियों को भी मिला राष्ट्रीय स्तर पर मौका
हनुमानगढ़। 11वीं राष्ट्रीय रैंकिंग स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप 2026 (National Speed Skating Championship 2026) का आयोजन 21 से 24 मई तक देवासम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भवानी शंकर इंटर कॉलेज, सेक्टर-46, नोएडा में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ टाउन के उत्तम पब्लिक स्कूल के चार खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय एवं जिले में खुशी का माहौल है। Hanumangarh News
विद्यालय से चयनित खिलाड़ियों में जूनियर वर्ग में सूर्यांश एवं हर्षित (इनलाइन), कनिका (क्वाड) तथा सब-जूनियर वर्ग में युवराज (इनलाइन) शामिल हैं। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। खिलाड़ियों के चयन पर विद्यालय निदेशक कविन्द्र सिंह शेखावत, प्राचार्य विवेक राज तथा उप प्राचार्य रीना चौहान ने शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के स्केटिंग कोच सोनू सूर्यवंशी की मेहनत और विशेष प्रशिक्षण को खिलाड़ियों की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। विद्यालय प्रबंधन ने कोच के प्रयासों की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हनुमानगढ़ स्केट एसोसिएशन के सचिव डॉ. संजय सूर्यवंशी ने बताया कि जिले के अन्य कई खिलाड़ियों का भी क्वाड और इनलाइन कैटेगरी की विभिन्न रेसों के लिए चयन हुआ है। इनमें लावण्या, यशदीप, जसलीन, तनुज, वैभव, रमणीक सिंह एवं भुवनयु सहारण सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। जिले के खिलाड़ियों के लगातार राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और सभी को खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है। Hanumangarh News
About The Author