किन्नू व्यापार में 8.55 लाख की ठगी, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

Published On

विश्वास जीतकर फसल उठाई, फिर फरार हुए व्यापारी, फोन पर धोखाधड़ी स्वीकारी

हनुमानगढ़। जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में किन्नू व्यापार के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने पीड़ित किसान की रिपोर्ट पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हरिपुरा निवासी सुरेंद्र कुमार (60) पुत्र लालचंद जाट ने रिपोर्ट दी कि उसकी और उसके चचेरे भाई जयपाल की चक 3 एसटीपी में कृषि भूमि है, जहां किन्नू के बाग लगे हुए हैं। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के किशनदासपुरा निवासी रामहरि पुत्र श्रवण, प्रदीप और मनोहर पिछले कई वर्षों से क्षेत्र में किन्नू व्यापार कर रहे थे और इस बार भी उन्होंने किन्नू खरीदने के लिए संपर्क किया। Hanumangarh News

रिपोर्ट में बताया गया कि 28 जनवरी 2026 को आरोपियों ने 28 रुपए प्रति किलो के हिसाब से किन्नू खरीदने का सौदा तय किया और भरोसा दिलाने के लिए समय-समय पर ऑनलाइन भुगतान भी किया। इससे किसानों का विश्वास जीतकर आरोपियों ने बागों से किन्नू तुड़वाकर बाहर भेजना शुरू कर दिया। बाद में सुरेंद्र और उसके चचेरे भाई जयपाल के कुल 8 लाख 55 हजार रुपए बकाया हो गए। 27 फरवरी 2026 को आरोपी अचानक रातोंरात हरिपुरा छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ितों की ओर से संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करते रहे। पीड़ित के अनुसार, 17 मार्च को फोन पर बातचीत के दौरान मुख्य आरोपी रामहरि ने साफ तौर पर धोखाधड़ी की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने योजना बनाकर विश्वास में लेकर किन्नू उठाए और अब कुछ नहीं कर सकते। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक विजय सिंह को सौंपी है। मामले में आरोपियों की तलाश जारी है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts