नशीला पदार्थ पिलाकर बनाया बंधक, जान से मारने की धमकी देकर कराए दस्तखत
प्रौढ़ को बंधक बनाकर जमीन के फर्जी बैयनामे करवाने का आरोप
हनुमानगढ़। एक प्रौढ़ व्यक्ति को बंधक बनाकर उसकी कृषि भूमि के फर्जी बैयनामे करवाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर सदर पुलिस थाना में नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नम्बर 3, पक्कासारणा निवासी अमरजीत सिंह (67) पुत्र हरनेक सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पुत्र संदीप सिंह की शादी चक 2 केएनजे निवासी बलराज सिंह की पुत्री मनप्रीत कौर से हुई थी। बाद में उसके पुत्र के संबंध जगमेल सिंह की पुत्री रमनदीप कौर से हो गए, जिसके चलते पारिवारिक विवाद चल रहा था। Hanumangarh News
पीड़ित ने आरोप लगाया कि 19 अप्रैल को जगमेल सिंह निवासी मालारामपुरा ने उसे फोन कर बस स्टैंड पक्कासारणा बुलाया। वहां से उसे अपने साथ मालारामपुरा ले जाया गया, जहां रमनदीप कौर, रामस्वरूप पुत्र रामप्रताप बिश्नोई और अन्य 2-3 व्यक्ति मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने उसे ठंडे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह अचेत हो गया। इसके बाद उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।
आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि जैसा वे कहें, वैसा ही करना होगा। अगले दिन आरोपी फिर से नशीला पदार्थ पिलाकर उसे हनुमानगढ़ ले आए, जहां उसकी चक नम्बर 24 एलएलडब्ल्यूबी स्थित करीब 11 बीघा 1.5 बिस्वा कृषि भूमि के दो बैयनामे जबरन तैयार करवा लिए। पीड़ित का आरोप है कि उसे कोई भुगतान नहीं किया गया और धोखे से दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। पीड़ित ने बताया कि बाद में मौका मिलते ही वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और वजीतपुर भोमा पहुंचकर अपने बहनोई सुखमंद्र सिंह पुत्र वीर सिंह को पूरी घटना बताई। इसके बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई जसकरण सिंह को सौंपी है। Hanumangarh News