राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर छात्राओं ने प्रस्तुत किए वैज्ञानिक मॉडल

Published On

National Science Day 2026: हनुमानगढ़। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केन्द्र हनुमानगढ़ के तत्वाधान में नेहरू युवा मंडल की ओर से राजकीय सावित्री बाई फुले महाविद्यालय स्तरीय छात्रावास में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने हिस्सा लिया और विज्ञान के प्रति अपनी रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक विक्रम सिंह शेखावत एवं आरएएस अधिकारी प्रदीप सहारण रहे। अतिथियों ने विज्ञान दिवस पर छात्राओं द्वारा तैयार किए गए 10 मॉडलों का अवलोकन किया। सभी मॉडल विभिन्न महान वैज्ञानिकों के जीवन एवं उनके योगदान पर आधारित थे, जिनकी अतिथियों ने सराहना की। Hanumangarh News

इस मौके पर मुख्य अतिथि विक्रम सिंह शेखावत ने कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कौशल विकास के माध्यम से रोजगार क्षमता, उत्पादकता और करियर उन्नति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि औपचारिक एवं अनौपचारिक प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को अपनी क्षमताओं को निखारने और उन्हें व्यवहार में लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 की थीम ‘विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को गति देने वाली शक्तिÓ रही। यह थीम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका, योगदान और नेतृत्व को रेखांकित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है।

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस विज्ञान की भूमिका को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर

प्रदीप सहारण ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिक सोच, नवाचार और सतत विकास में विज्ञान की भूमिका को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। विज्ञान मानव जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाता है तथा अंधविश्वास और रूढ़ियों को दूर कर तर्क एवं सत्य का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, संचार, परिवहन और कृषि जैसे क्षेत्रों में विज्ञान ने क्रांतिकारी परिवर्तन किए हैं। बिजली, इंटरनेट, मोबाइल फोन, आधुनिक परिवहन साधन और चिकित्सा क्षेत्र में हुई प्रगति विज्ञान की देन है।

कृषि क्षेत्र में हरित क्रांति, उन्नत बीज, उर्वरक और आधुनिक सिंचाई तकनीकों ने उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की है। वहीं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन शिक्षा ने ज्ञान के प्रसार को सरल बनाया है। मंडल सचिव विजय कुमार ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान क्विज, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिता तथा विज्ञान दिवस पर आधारित मॉडल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर छात्रावास अधीक्षक शीलपाल कौर सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts