नशे में ड्राइविंग पर पुलिस का शिकंजा, कई वाहन सीज
बिना नम्बर व नियम तोड़ने वालों पर भी सख्ती
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। Hanumangarh: जिले में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत यातायात पुलिस ने शुक्रवार रात्रि को नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को सीज किया। अभियान के दौरान टाउन-जंक्शन रोड, रेलवे स्टेशन रोड तथा धानमंडी रोड सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी कर जांच की गई। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के मामले में मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा 185 के तहत तीन कारों को सीज किया गया। वहीं बिना नम्बर के चल रहे तीन दुपहिया वाहनों को भी जब्त किया गया। कुछ वाहनों पर अवैध एलईडी लाइटें भी लगी पाई गईं।
यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जीवन अमूल्य है और इसकी सुरक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों को दुपहिया चलाते समय हेलमेट और चौपहिया चलाते समय सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने और ओवरटेकिंग से बचने की सलाह दी। अनिल चिन्दा ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने पर वाहन सीज कर चालान न्यायालय में भेजा जाता है, जहां अधिकतम 10 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं बिना नम्बर या अधूरे कागजात वाले वाहनों पर इससे भी अधिक जुर्माना लग सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य आमजन को परेशान करना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यातायात नियमों की अनदेखी ही अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनती है, इसलिए ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।