स्वायत्त शासन विभाग के सचिव एवं हाउसिंग बोर्ड आयुक्त शहर में किया आरयूडीआईपी कार्यों का निरीक्षण
विधायक प्रकरण में दोनों पक्षों सहित शहरवासियों से मिले स्वायत्त शासन सचिव
श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)। Sri Ganganagar: विधायक जयदीप बिहानी व आरयूडीआईपी व एल एंड टी कंपनी के अधिकारियों के बीच हाथापाई आरोप प्रत्यारोप के बाद उच्चाधिकारियों की टीम ने जांच शुरू कर दी है। स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन एवं हाउसिंग बोर्ड आयुक्त अरविंद पोसवाल ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर आरयूडीआईपी, एलएनटी अधिकारियों व विधायक से अलग अलग वार्तालाप किया। मौके पर पहुंचे आमजन व राजनीतिक लोगों के साथ पार्षदों की बात सुनी। दोपहर बाद श्री जैन व अन्य अधिकारियों ने शहर का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण से पूर्व आयोजित बैठक में स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें नियमित एवं सुचारू जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा या लापरवाही नहीं होनी चाहिए।इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, पीएचईडी एसई विजय कुमार, दीपक माण्डन, मोनिंदरजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
इन स्थानों पर देखे हालात दिए निर्देश
स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन एवं हाउसिंग बोर्ड आयुक्त अरविंद पोसवाल ने पीएचईडी के डीएमए 32 क्षेत्र में स्थित सिहाग हॉस्पिटल के पास, विनायक विहार और जवाहरनगर सेक्टर डी में जलापूर्ति व्यवस्था का अवलोकन करने के दौरान उन्होंने कहा कि आरयूडीआईपी के अंतर्गत किए जा रहे कार्य शहरी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
घटनाक्रम में शामिल दोनों पक्षों से बातचीत की गई है। जो भी निष्कर्ष निकलेगा, उसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी। शहर की समस्याओं और शिकायतों को भी दूर किया जाएगा। विधायक द्वारा बताई गई कार्यों में कमियों की भी अलग से रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
रवि जैन यूडीएच, शासन सचिव
मैंने जांच कमेटी के समक्ष विस्तार से अपना पक्ष रखा है। मुझसे पूरे घटनाक्रम और शहर की समस्याओं के बारे में पूछा गया। मैंने सारी बातें विस्तार से बता दी हैं। मैं शहर में हुए टोटल काम की जांच करवाऊंगा। इसके लिए चाहे एक हजार करोड़ रुपए हाथ जोड़कर कहीं से भी लेने पड़ें, मैं पुराने पड़े खड्डे खुदवाऊंगा।
जयदीप बिहानी, विधायक श्रीगंगानगर