Hanumangarh News: राष्ट्रीय रोबोटिक्स कार्यशाला में दिखाई प्रतिभा
डिजाइन योर ओन रोबोट प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केन्द्र
हनुमानगढ़। श्री खुशालदास विश्वविद्यालय के कंप्यूटर विज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग ने एक और महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए जयपुर स्थित एआईसीटीई इनोवेशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला में सक्रिय भागीदारी निभाई। यह कार्यशाला फाउंडेशन्स ऑफ रोबोटिक्स: मॉडलिंग, कंट्रोल एंड सिमुलेशन विषय पर शिक्षा मंत्रालय इनोवेशन सेल एवं एआईसीटीई के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से प्रतिनिधित्व किया। Hanumangarh News
कार्यशाला के दौरान रोबोटिक्स के उन्नत विषयों-रोबोट कॉन्फिगरेशन, रिगिड बॉडी मोशन, किनेमैटिक्स, डायनेमिक्स, ट्राजेक्टरी प्लानिंग और मोबाइल रोबोटिक्स-पर विशेषज्ञों की ओर से गहन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही कोपेलिया सिम सॉफ्टवेयर के माध्यम से छह व्यावहारिक गतिविधियां करवाई गईं, जिनमें डिजाइन योर ओन रोबोट प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केन्द्र रही। श्री गुरु गोबिंद सिंह चेरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्र में सहभागिता संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करती है।
विश्वविद्यालय के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक और उद्योग-उन्मुख ज्ञान प्रदान करना भी है। ऐसे आयोजन इस लक्ष्य को साकार करने में सहायक हैं। प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा में नवाचार की आवश्यकता आज के समय की मांग है और यह गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भट्ट ने बताया कि इस कार्यशाला से छात्र-छात्राओं को रोबोटिक्स के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का उत्कृष्ट अवसर मिला है और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में भागीदारी जारी रखी जाएगी। विभाग की ओर से सहायक प्राध्यापक प्रदीप स्वामी ने कार्यशाला में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों ने सभी हैंड्स-ऑन गतिविधियों, सिमुलेशन अभ्यासों और क्विज मूल्यांकनों में हिस्सा लिया। Hanumangarh News
