राजस्थान में भी ‘ताउ ते’ से तबाही का खतरा

Published On

मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टरों को दिए चौकस और आवश्यक तैयारियों के आदेश

जयपुर (एजेंसी)। राजस्थान में चक्रवाती तूफान ताऊ ते (Tauktae ) की आशंका के मद्देनजर जिलों में चौकस एवं सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने वीसी के माध्यम से सभी जिला कलेक्टर को चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए चौकस रहने एवं सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिला कलेक्टर पुलिस अधीक्षक के साथ मिलकर सीएमएचओ और सिविल डिफेंस के अधिकारियों के साथ कंटन्जेंसी प्लान बनाये ताकि कोरोना मैनेजमेंट सुनिश्चित होने के साथ ही लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना ना करना पड़े।

उन्होंने चक्रवाती तूफान को देखते हुए सभी जिलों में आॅक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आपात स्थिति में किसी तरह की परेशानी ना हो। उन्होंने आॅक्सीजन की आपूर्ति और भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति मे आवागमन अवरुद्ध होता है तो मेडिकल सप्लाई चैन को तत्काल दुरुस्त किया जाए।

उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर नागरिकों को एक शहर से दूसरे शहर तक लोगों को पहुंचाने के लिए पुलिस, नगरीय निकाय, सार्वजनिक निर्माण विभाग और सिविल डिफेंस के अधिकारियों के साथ मिलकर कार्ययोजना बनाई जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में डीजल जनरेटर सेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए ताकि बिजली की आपूर्ति में व्यवधान आने से मरीजों एवं आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न आए। उन्होंने तूफान के मद्देनजर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश भी दिए ताकि निर्बाध रूप से अस्पताल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विद्युत आपूर्ति जारी रह सके।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts