नकदी, बैंक दस्तावेज और वाहनों की चाबियां ले गए चोर
खेत में मिला संदिग्ध सूटकेस, पड़ोसी की सूचना पर खुला चोरी का राज
हनुमानगढ़। पीलीबंगा थाना क्षेत्र के चक 12 एसपीडी, जाखड़ांवाली में सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों की ओर से नकदी, बैंक दस्तावेज, वाहन की चाबियां और अन्य सामान चोरी करने का मामला सामने आया है। पीलीबंगा थाना पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार कृष्णलाल (53) पुत्र कालूराम जाट निवासी चक 12 एसपीडी, जाखड़ांवाली हाल किशनपुरा आबादी, सूरतगढ़ ने पीलीबंगा थाने में रिपोर्ट पेश कर बताया कि वह 13 मई को सुबह करीब 9.30 बजे जाखड़ांवाली से सूरतगढ़ चला गया था तथा उसके घर पर कोई मौजूद नहीं था।
दोपहर करीब 1.30 बजे बलराम कुलड़िया ने उसे फोन कर सूचना दी कि वह खेत में था, तभी उसने दो अज्ञात व्यक्तियों को मोटर साइकिल के पास खड़ा देखा। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। जब उसने आवाज लगाई तो वे अपने पास रखे एक सूटकेस और दो बैग लेकर भागने लगे। आरोपियों ने एक सूटकेस खेत में फेंक दिया, जबकि दो बैग अपने साथ ले गए। बलराम ने सूटकेस खोलकर देखा तो उसमें कृष्णलाल के नाम के कागजात मिले, जिसके बाद उसने प्रार्थी को सूचना दी। Hanumangarh News
सूचना मिलने पर कृष्णलाल ने अपने पड़ोसी दलीप पूनिया पुत्र मनफूल पूनिया को फोन कर घर देखने भेजा। दलीप ने मौके पर जाकर देखा कि मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर दो कमरों के ताले, संदूक और अलमारी के ताले भी टूटे पड़े थे तथा सामान बिखरा हुआ था।
इसके बाद कृष्णलाल स्वयं घर पहुंचा तो पता चला कि अज्ञात चोर घर से 10 रुपए के नोटों की दो गड्डियां, 50 और 20 रुपए के नोटों की एक-एक गड्डी, तीन चांदी के सिक्के, आल्टो कार की चाबी, महिंद्रा एसयूवी की चाबी, महिंद्रा ट्रैक्टर की चाबी, आईसीआईसीआई बैंक शाखा जाखड़ांवाली की चेकबुक व पासबुक, पंजाब नेशनल बैंक शाखा चोहिलांवाली की पासबुक, चेकबुक व एटीएम कार्ड, सोसाइटी खाते की पासबुक तथा परिचय पत्र चोरी कर ले गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल चन्द्रप्रकाश को सौंपी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। Hanumangarh News
About The Author