कैन्टर में ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे 13 ऊंट पकड़े, तीन आरोपी गिरफ्तार
भीड़ ने रोका ट्रक, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाए ऊंट, क्रूरता से परिवहन का मामला दर्ज
हनुमानगढ़। अवैध रूप से ऊंटों को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जा रहे एक कैन्टर को रावतसर थाना पुलिस ने जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला उस समय सामने आया जब नोहर तिराहे पर लोगों ने संदिग्ध ट्रक को रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल को तड़के करीब 4.30 बजे गश्त के दौरान सूचना मिली कि हरियाणा और उत्तरप्रदेश के कुछ लोग एक ट्रक कैन्टर में ऊंट भरकर बूचड़खाने ले जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने नोहर तिराहे पर रोक रखा है। Hanumangarh News
सूचना पर रावतसर थाना के एएसआई भूराराम मय पुलिस टीम मौके पर पहुंचे, जहां ट्रक नम्बर आरजे 14 जीआर 4409 को 20-25 लोगों की भीड़ ने घेर रखा था। मौके पर ट्रक में तीन व्यक्ति सवार मिले, जिनमें से एक के सिर पर चोट भी लगी हुई थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तीनों को सुरक्षित हिरासत में लेकर ट्रक सहित थाने के पास गुरुद्वारा रोड पर लाकर कार्रवाई शुरू की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अमजद (30) पुत्र आस मोहम्मद निवासी जिला नूंह, हरियाणा बताया। उसके साथ अरमान (22) पुत्र इसराइल निवासी फिरोजपुर जिला नूंह तथा शकील (34) पुत्र सम्मू निवासी सांचोली जिला गुरुग्राम, हरियाणा होना बताया।
ट्रक की जांच करने पर उसमें कुल 13 ऊंट ठूंस-ठूंस कर भरे हुए मिले, जिनके पैर रस्सियों से बांधकर पटक रखा गया था। कई ऊंट दर्द से कराह रहे थे और उनके शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान थे। कुछ ऊंटों के कान कटे हुए थे, किसी के पैर में सूजन थी तो कोई लंगड़ा रहा था। कई ऊंटों की नाक में नकेल तक नहीं थी, जिससे उनकी हालत और भी दयनीय बनी हुई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऊंटों को नोहर क्षेत्र से भरकर हरियाणा व उत्तरप्रदेश में बूचड़खानों में ले जा रहे थे।
आरोपियों के पास परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं पाई गई। पुलिस ने ऊंटों को जब्त कर उनके चारे-पानी की व्यवस्था करवाई तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ राजस्थान ऊंट (वध निषेध और अस्थायी प्रवासन या निपटान का विनियमन) अधिनियम 2015 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। Hanumangarh News
