पैतृक भूमि विवाद में महिला से मारपीट
स्टे हटाने का दबाव बनाकर दी जान से मारने की धमकी, पिता सहित तीन नामजद
हनुमानगढ़। पैतृक जमीन के विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रार्थीया की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रीटा कुमारी (30) पुत्री कालूराम मेघवाल निवासी सहजीपुरा ने अपनी छोटी बहन अल्का और मौसी के बेटे सुनील के साथ थाना में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी। प्रार्थीया ने बताया कि उसके पिता कालूराम पुत्र रिडमाल राम के नाम चक नम्बर 37 एसएसडब्ल्यू में करीब 11 बीघा पैतृक (विरासत) भूमि है। उसकी माता का पहले ही देहांत हो चुका है। Hanumangarh News
रिपोर्ट में आरोप है कि 13 मार्च को उसके पिता कालूराम ने उक्त जमीन का बैनामा हुसैन लाल, निर्मल कुमार निवासी अंबेडकर कॉलोनी, टाउन तथा काला सिंह पुत्र जंगीर सिंह के साथ मिलकर कर दिया। इस संबंध में जानकारी मिलने पर प्रार्थीया ने उपखंड अधिकारी से जमीन पर स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त कर लिया। स्टे आदेश हटवाने के लिए आरोपी टेकचंद पुत्र हेतराम निवासी सहजीपुरा, संदीप कुमार पुत्र श्योनारायण निवासी अनूपगढ़ तथा अन्य लोगों ने उस पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
25 अप्रैल को दोपहर करीब 2.30 बजे, जब वह अपने घर पर मौजूद थी, तब टेकचंद और संदीप ने उसके पिता कालूराम के साथ मिलकर जमीन के विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद प्रार्थीया डर के कारण भादरराम की ढाणी चली गई। उसने बताया कि काला सिंह ने उसके साथ सीधे मारपीट नहीं की, लेकिन वह उसके पिता को जमीन के मामले में भड़काता रहा, इसलिए उसका नाम भी रिपोर्ट में शामिल कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई कुलदीप मीणा को सौंपी गई है। Hanumangarh News