हनुमानगढ़ सड़क हादसों में एक की मौत, दूसरा गंभीर
अन्य घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से युवक गंभीर घायल, जयपुर में उपचार जारी
हनुमानगढ़। तेज रफ्तार व लापरवाही से चल रही मोटर साइकिल की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। नोहर थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अधीर कुमार पुत्र रामदेव महतो निवासी वार्ड एक, समस्तीपुर, बिहार हाल रामलीला बाड़ी के पास, नोहर ने नोहर पुलिस थाना में रिपोर्ट दी। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया कि उसका बहनोई जीतू उर्फ रणजीत राम पुत्र दुर्गेश महतो निवासी कली भट्ठा के पास, नोहर 2 मई को अपराह्न करीब 3 बजे खाना खाने के बाद मजदूरी के लिए पैदल जा रहा था। जब वह कस्बा नोहर में रामा पैलेस के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही मोटर साइकिल नम्बर आरजे 49 एसजी 6797 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने उसे एंबुलेंस से नोहर के राजकीय उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे हनुमानगढ़ के राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई रामलाल को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। Hanumangarh News
बाइक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र के अंतर्गत मेहरवाला गांव मोड़ पर हुए सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। तलवाड़ा झील पुलिस थाना में रिपोर्ट के आधार पर आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार रामपुरा उर्फ रामसरा के वार्ड तीन निवासी चुन्नीराम (60) पुत्र ख्यालीराम कुम्हार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई।
रिपोर्ट में बताया कि उसका पुत्र संदीप (26), जो विवाहित है और एसी सर्विस व रिपेयर का कार्य करता है, 2 मई को सुबह करीब 9 बजे काम के लिए घर से निकला था। रिपोर्ट के अनुसार शाम करीब 7.30 बजे मेहरवाला गांव मोड़ पर आयशर ट्रैक्टर नम्बर आरजे 49 आरबी 8996, जिसके पीछे तूड़ी बनाने की मशीन व ट्रॉली जुड़ी हुई थी, के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए संदीप की मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसके 3875 को टक्कर मार दी।
हादसे के समय संदीप मोटर साइकिल पर अकेला सवार था। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से घायल को हनुमानगढ़ के राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जयपुर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार संदीप बेहोशी की हालत में है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मामले की जांच मसीतांवाली हैड चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल कालूराम के सुपुर्द की गई है। Hanumangarh News