सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: वरुण कुमार सिंह
गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती: वसुंधरा कट एलिवेटेड रोड का पुलिस उपायुक्त यातायात ने किया निरीक्षण
गाजियाबाद (सच कहूँ/रविंद्र सिंह)। Ghaziabad News: राजधानी दिल्ली से सटे शहर गाजियाबाद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण कुमार सिंह द्वारा वसुंधरा कट स्थित एलिवेटेड रोड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान हाल के दिनों में इस मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक विश्लेषण किया गया।
साथ ही, मौके पर मौजूद व्यवस्था की कमियों को चिन्हित करते हुए उनके त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) श्री सिंह ने संबंधित यातायात पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि चिन्हित कमियों के संबंध में तत्काल संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर पत्राचार किया जाए, ताकि आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण किए जा सकें।
चार पहिया इंटरसेप्टर वाहनों पर तैनात कर्मियों की हो नियमित चेकिंग
अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने यह भी निर्देशित किया कि चार पहिया इंटरसेप्टर वाहनों पर तैनात कर्मियों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित की जाए तथा पूरी सतर्कता के साथ प्रवर्तन (एनफोर्समेंट) की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जाए, जिससे यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियंत्रण स्थापित हो सके।
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे।
