अनुराग ठाकुर ने किया डीडी हिमाचल का शुभारंभ, देश दुनिया में दिखेगी हिमाचली संस्कृति

Published On

शिमला (सच कहूं न्यूज) केंद्रीय सूचना और प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश का अपना डीडी हिमाचल 24×7 न्यूज चैनल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी रहे मौजूद।

सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो सपना कई साल पहले देखा था, वह आज पूरा हुआ है। हिमाचल का अपना जीवन दूरदर्शन 24×7 न्यूज चैनल राज्य को समर्पित हो गया है। अब फ्री-डिश पर यह देखा जा सकेगा। हिमाचल की संस्कृति अब देश व विश्व भर में देखी जा सकेगी। यह प्रदेश के लोगों को समर्पित रहेगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि देवभूमि के धार्मिक स्थलों की लाइव आरती दिखाने का प्रयास किया जाएगा। हिमाचल के कार्यक्रम को डीडी नेशनल पर भी दिखाने का प्रयास होगा। हिमाचल की संस्कृति और पर्यटन को भी दिखाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के फ्रीडम फाइटर को भी चैनल के माध्यम से दिखाया जाएगा। इस चैनल में नवीनतम तकनीक का प्रयोग किया गया है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि इस मंच का हिमाचल की प्रतिभा के लिए सदुपयोग हो सकेगा। हर गांव की संस्कृति और कला को चैनल के माध्यम से पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि डीडी हिमाचल एक सप्ताह में सालभर का कैलेंडर बनाए।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts