Truck Fire: चलते सीएनजी ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

पलड़ा के पास ट्रक में अचानक भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: जिला के गांव पलड़ा के पास गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलते हुए ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। कुछ ही देर बाद ट्रक में जोरदार धमाका हुआ और आसमान में काले धुएं के गुबार फैल गए। ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। 

जानकारी के अनुसार ट्रक पलड़ा रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत ट्रक रोकने की कोशिश की और खुद बाहर कूद गया। चालक ने बताया कि ट्रक में सीमेंट बनाने के काम आने वाला ज्वलनशील केमिकल भरा हुआ था। केमिकल होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। इसी बीच आग ने ट्रक में रखे सीएनजी सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया।

कुछ देर बाद सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद इलाके में हडकंप मच गया और लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे रास्ते को बंद कर दिया ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।

About The Author

Related Posts