Gas Cylinder: गुरुग्राम के मारुति कुंज में अवैध सिलेंडर से भरा टैंपो पकड़ा, 20 सिलेंडर जब्त

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज़)। Gurugram News: गैस की कालाबाजारी पर जिला प्रशासन सख्ती दिखा रहा है। यहां शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग व खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध सिलेंडर के साथ एक वाहन जब्त व एक आरोपी हिरासत में लिया गया। मारुति कुंज क्षेत्र में छापेमारी करते हुए डोमेस्टिक श्रेणी के 20 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त सिलेंडरों में भारत गैस के 18 भरे हुए सिलेंडर, एक खाली सिलेंडर तथा इंडेन का एक खाली सिलेंडर शामिल है। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) अशोक रावत ने बताया कि जिला में एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। सीएम फ्लाइंग टीम ने सूचना के आधार पर मारुति कुंज में वाहन नंबर एचआर-55-एजे-9226 को जांच के लिए रोका। वाहन में सवार अंकुश यादव निवासी सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) से सिलेंडरों के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसको हिरासत में लेते हुए सिलेंडर और वाहन को जब्त कर लिया गया। Gurugram News

सिलेंडरों की कालाबाजारी की तुरंत दें सूचना: रावत

डीएफएससी अशोक रावत ने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अवैध भंडारण की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस संयुक्त अभियान में सीएम फ्लाइंग से इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, सीआईडी से इंस्पेक्टर अनिल कुमार यादव, सब-इंस्पेक्टर महाबीर, सुरेंद्र और प्रवीण तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से एएफएसओ विजय कुमार, इंस्पेक्टर गजेंद्र और विनय शामिल रहे। Gurugram News

यह भी पढ़ें:– जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप व जिलामंत्री श्रीपाल आर्य का पुष्प मालाएं पहनाकर किया स्वागत

About The Author

Related Posts