कोई भी बताए कृषि कानूनों में काला क्या? सरकार संसोधन को तैयार
कांग्रेस पर लगाया लोगों को भड़काने का आरोप
नारनौल (सच कहूँ न्यूज)। देश व प्रदेश का कोई भी किसान यह बताए कि केन्द्र सरकार द्वारा पारित तीनों कृषि विदेशों में काला क्या है? सरकार संशोधन के लिए तैयार है। केवल हवा हवाई और विपक्षी दल के बहकावे में यह सब हो रहा है। देश का किसान सड़क पर नहीं है। वह अपनी किसानी में व्यस्त है। ये बात हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा के बेटी डा. आशा शर्मा के आवास पर कही।
प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि किसानों का आंदोलन राजनीति से प्रेरित आंदोलन है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लगभग 7 साल के कार्यकाल में देश की 135 करोड़ से अधिक आबादी के खिलाफ एक भी फैसला नहीं लिया तो भला तीनों कृषि विधायक गलत कैसे हो सकते हैं। एक सवाल के जवाब में धनखड़ ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में एडजस्ट किया जा रहा है। वहीं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों का एकमात्र उद्देश्य प्रधानमंत्री के हर लोकप्रिय फैसले का विरोध करना है।
कांग्रेस पार्टी देश में अंतिम सांस गिन रही है। कांग्रेस और उसके नेताओं को जनता के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के पास केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ कहने को कुछ नहीं है, क्योंकि केंद्र व प्रदेश सरकार लोगों की भावनाओं के हिसाब से ही कार्य कर आमजनमानस को राहत पहुंचा रही है। इस मौके पर भाजपा संगठन मंत्री रविंद्र उर्फ राजू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा एडवोकेट, सहित अनेक लोग मौजूद थे।
अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।