हिसार में सीएम फ्लाइंग का शिकंजा, ओवरलोड वाहनों पर लाखों का जुर्माना
4 वाहनों के चालान, 2 जब्त; 2.86 लाख का जुर्माना
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: सीएम फ्लाइंग की टीम ने हिसार में ओवरलोड वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान चार वाहनों के चालान किए गए, जबकि दो वाहनों को जब्त कर लिया गया। टीम ने कुल 2 लाख 86 हजार रुपए का जुमार्ना लगाया। यह अभियान सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में आरटीए कार्यालय के यातायात निरीक्षक हरविंदर सिंह, एसआई कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र और एचसी जितेंद्र भी शामिल रहे। जांच के दौरान टीम ने वाहनों के रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, टैक्स भुगतान रसीद तथा लोड किए गए माल की चौड़ाई व वजन की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार वाहनों के चालान किए गए।
जिन वाहन मालिकों ने मौके पर ऑनलाइन चालान राशि जमा कर दी, उन्हें छोड़ दिया गया, जबकि राशि जमा न कराने वाले दो वाहनों को जब्त कर लिया गया। अभियान के दौरान निजी बसों पर भी कार्रवाई की गई। सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क हादसों का बड़ा कारण बनते हैं। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने और समय पर टैक्स जमा कराने की अपील की।