सुभाष फुटेला के हाथों में सिरसा शिक्षा विभाग की कमान

चार अन्य अधिकारियों को भी सौंपी नई जिम्मेदारियां

Sarvesh Kumar Picture
Published On

सिरसा (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। Haryana Education Department: हरियाणा शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के पांच शिक्षा अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत सिरसा में जिला शिक्षा अधिकारी के रिक्त पद पर कैथल के डीईओ सुभाष कुमार फुटेला की नियुक्ति की गई है। यह पद पूर्व डीईओ सुनीता साईं के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुआ था।

सुभाष कुमार फुटेला की नियुक्ति को सिरसा शिक्षा विभाग के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि वे जिले की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था से भलीभांति परिचित हैं। इससे पहले वे सिरसा जिले में प्रिंसिपल, डबवाली व ऐलनाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी, उप जिला शिक्षा अधिकारी तथा समग्र शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। ऐसे में विभागीय हलकों में उम्मीद जताई जा रही है कि उनके अनुभव का लाभ जिले की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा।

चार अन्य अधिकारियों को भी सौंपी नई जिम्मेदारियां

शिक्षा विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेशों के तहत करनाल की डीईईओ नीलम को डीईईओ पानीपत नियुक्त किया गया है तथा उनके पास डाइट पानीपत के प्राचार्य का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। वहीं डीईओ चरखी दादरी धर्मेंद्र सिंह को वर्तमान कार्यभार के साथ प्रिंसिपल डाइट बिरही कलां का दायित्व सौंपा गया है। प्रिंसिपल डाइट मताना विनोद कुमार को उनके वर्तमान कार्यभार के साथ डीईईओ हांसी का अतिरिक्त जिम्मा दिया गया है। इसके अलावा डीईओ रेवाड़ी बिजेंद्र हुड्डा को डाइट मदीना रोहतक का प्रिंसिपल नियुक्त किया गया है।

फुटेला की नियुक्ति से जिले में शिक्षा सुधार को मिलेगी नई दिशा

सिरसा में सुभाष कुमार फुटेला की नियुक्ति के बाद शिक्षा विभाग में उत्साह का माहौल है। अधिकारियों, प्राचार्यों और शिक्षकों ने उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए इसे जिले की शिक्षा व्यवस्था के लिए सकारात्मक कदम बताया है।

विभागीय सूत्रों का कहना है कि जिले की जमीनी परिस्थितियों और शैक्षणिक ढांचे की गहरी समझ रखने वाले फुटेला अपने अनुभव के दम पर शिक्षा व्यवस्था में प्रभावी सुधार ला सकते हैं। नियुक्ति आदेश जारी होते ही उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लग गया और दिनभर शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का बधाई देने के लिए आना-जाना लगा रहा।Sirsa News

About The Author

Related Posts