लोहड़ी के बाद बढ़ सकते हैं कोरोना संक्रमण के मामले

Published On

संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शुरु की तैयारियां

सच कहूँ/सुनील वर्मा, सरसा। देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि लोहड़ी त्योहार के बाद केस बढ़ सकते हैं। अधिकारियों का मानना है कि दिल्ली आने जाने वाले लोगों से संक्रमण का खतरा अधिक है। संभावित खतरे को देखते हुए जिला व स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। संसाधन जुटाने पर जोर दिया जा रहा है। बुधवार को जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा एनआइसी की टीम ने कोविड कंट्रोल रूम बनाने के लिए चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय, नेशनल कालेज, पालीटेक्निक कालेज तथा नागरिक अस्पताल में स्थापित पुराने कंट्रोल रूम का जायजा लिया। जिसके बाद निर्णय लिया गया कि महिला बहुतकनीकी संस्थान में कंट्रोल रूम बनेगा। जहां से कोविड के दौरान सभी तरह की गतिविधियां संचालित होंगी। यहां कोरोना संक्रमित मरीजों को सर्विलांस, मरीजों को काल करने तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक होगी। कोविड के संभावित खतरे को देखते हुए पर्याप्त संसाधन जुटाए जा रहे हैं।

बुधवार को मिले पांच संक्रमित

जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण के पांच नए केस आए हैं। इनमें से चार सरसा के जबकि एक डबवाली शहर का है। बुधवार को 1371 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। अब तक जिले में 5 लाख 87 हजार 686 लोगों के सैंपल जांचे जा चुके हैं। जिले में अब तक 29,319 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 28790 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में वर्तमान में 19 एक्टिव केस हो चुके हैं। एक मरीज की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद उसे डिस्चार्ज किया गया। सरसा में मिले संक्रमितों में 42 वर्षीय महिला व उसका 12 वर्षीय बेटा भी शामिल है। डबवाली में 74 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।

वैक्सीनेशन के बाद टल जाता है कोरोना का खतरा

नोडल अधिकारी डॉ. हरसिमरण सिंह ने बताया कि कोराना लहर के दौरान यह सामने आया है कि जिन लोगों को वैक्सीन लगी हुई है उनकी स्थिति गंभीर नहीं होती। अधिकतर को तो अस्पताल में भर्ती की भी आवश्यकता नहीं होती। बुखार, खांसी जैसे लक्ष्ण हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सर्दी के मौसम के चलते भी कुछ लक्षण हो सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने आमजन से कहा कि वैक्सीन लगवाएं और मास्क लगाकर ही बाहर निकलें।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts