जींद: सात महीने में बर्बाद! खोखरी का पार्क अब बच्चों के लिए सांपों का अड्डा बन गया

जींद: सात महीने में बर्बाद! खोखरी का पार्क अब बच्चों के लिए सांपों का अड्डा बन गया

Sach Kahoon Picture
Published On

जींद, गुलशन चावला।  हरियाणा के जींद जिले के गांव खोखरी में विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा बनाए गए पार्क का लोकार्पण 2 अक्टूबर 2025 को हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा ने किया था। उस समय पूरे गांव में उत्साह था और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि यह पार्क बच्चों का पसंदीदा खेल स्थल बनेगा। लेकिन महज सात महीने बाद पार्क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। पार्क में अब घुटनों तक ऊंची घास-फूस उग आई है। चारों तरफ जंगली झाड़ियां फैल गई हैं। शाम होते ही यहां बच्चों का जमावड़ा लग जाता है, लेकिन साथ ही सांप, बिच्छू और कीड़ों-मकोड़ों का खतरा भी मंडराने लगा है। माता-पिता अब अपने बच्चों को पार्क भेजने में डर महसूस कर रहे हैं।

ग्राम पंचायत खोखरी के सरपंच प्रतिनिधि रामदर्शन से जब सफाई के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘पंचायत के पास अभी कोई पैसा नहीं है और ना ही कोई कमाई का साधन है। पहले मनरेगा के जरिए दो बार सफाई करवाई गई थी, लेकिन अब सरकार ने मनरेगा के तहत सफाई का काम बंद कर दिया है। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर ह्यजी राम जीह्ण किए जाने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं ब्लॉक समिति सदस्य प्रतिनिधि अमरजीत ने सफाई की जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा, ‘पार्क की सफाई की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है। हम इस दायरे में नहीं आते।ह्वसबसे चिंताजनक बात यह है कि पार्क की दीवारों पर ग्राम पंचायत और ब्लॉक समिति के प्रतिनिधियों ने अपने नाम बड़े-बड़े अक्षरों में लिखवा रखे हैं, लेकिन सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है। पार्क के बाहर मिट्टी और ईंटों का ढेर अभी भी पड़ा हुआ है। गांववासी अब सवाल कर रहे हैं कि जब लोकार्पण के समय इतना उत्साह था तो रखरखाव की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या यह पार्क सिर्फ फोटो खिंचवाने और नाम लिखवाने तक सीमित रह जाएगा? स्थानीय प्रशासन,जनप्रतिनिधियों और पंचायत से ग्रामीणों की मांग है कि पार्क की तुरंत सफाई करवाई जाए और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। खोखरी का यह पार्क फिलहाल राम भरोसे चल रहा है।

About The Author

Related Posts