हिसार में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को कुचला, मौके पर मौत
खेतों से पैदल लौट रहे थे दोनों, चालक गाड़ी सहित फरार—सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: हिसार के जाखोद खेड़ा गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा सीसवाला रोड पर उस समय हुआ, जब 22 वर्षीय पुनीत कुमार और 25 वर्षीय पवन खेतों में सिंचाई का काम खत्म कर पैदल अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक सड़क किनारे चल रहे थे, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि सीसवाला रोड पर तेज रफ्तार वाहनों का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे इस तरह के हादसे हो रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार चालक को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।