जलघर के टैंक में डूबने से किशोर की मौत

Published On

डीएसपी कप्तान सिंह खुद जल घर टैंक में उतरे

जींद(सच कहूँ न्यूज)। सोमनाथ मंदिर के निकट हुडा सेक्टर जलघर टैंक में डूबने से किशोर की मौत हो गई। टैंक में डूबे किशोर को बचाने के लिए डीएसपी कप्तान सिंह जल घर टैंक में उतर गए और डूबे किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल किशोर की पहचान नहीं हो पाई है। शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। शनिवार दोपहर को दो किशोर सोमनाथ मंदिर के निकट हुडा के नए सेक्टर में बने जलघर के पास जामुन तोड़ने गए हुए थे। उसी दौरान एक किशोर जामुनों को धोने के लिए जल घर में चला गया। उसी दौरान किशोर का पैर फिसल गया और वह टैंक में डूब गया। जिस पर किशोर का साथी शोर मचाता हुआ वहां से चला गया।

घटना की सूचना पाकर डीएसपी कप्तान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और टैंक में उतर गए। दस मिनट की कोशिश के बाद आखिरकार उन्होंने डूबे किशोर को बाहर तो निकाल लिया लेकिन तब तक किशोर की मौत हो चुकी थी। काफी देर तक शव को जल घर के बाहर शिनाख्त के लिए रखा गया लेकिन वहां पर मौजूद लोग किशोर के शव को पहचान नहीं पाए। किशोर का साथी भी वापस नहीं लौटा। जिस पर शहर थाना पुलिस किशोर के शव को सामान्य अस्पताल ले आया और शिनाख्त के लिए शव गृह में रख दिया। डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि किशोर जामुन धोने के लिए जल घर टैंक में उतरा था और वह डूब गया। किशोर का साथी वहां से गायब हो गया, जिस कारण उसकी पहचान संभव नहीं हो पाई है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts