शक्ति मेडिकोज पर फायरिंग मामले में एक नाबालिग सहित दो गिरफ्तार
झज्जर पुलिस ने फायरिंग केस सुलझाया, दो आरोपियों को दबोचा
झज्जर (सच कहूँ/संजय भाटिया)। Jhajjar News: झज्जर पुलिस ने पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में शक्ति मेडिकोज फायरिंग मामले का सफल खुलासा करते हुए नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 5 मई 2026 को झज्जर शहर थाना क्षेत्र में स्थित मेडिकोज पर दो बाइक सवार युवकों द्वारा जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग की गई थी।
फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। डीसीपी क्राइम ने बताया कि मामले में हरीश कुमार पुत्र न्यादर सिंह निवासी प्रिया कॉलोनी झज्जर की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार दूसरे आरोपी की पहचान मोहित उर्फ चंद पुत्र सतवीर निवासी गांव सिसाना जिला सोनीपत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मोहित के खिलाफ पूर्व में भी 2 से 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल,एक अवैध हथियार तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेज दिया गया, जबकि आरोपी मोहित उर्फ चंद को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले में शामिल तीसरे मुख्य आरोपी की पहचान भी पुलिस द्वारा कर ली गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

About The Author