Bambiha Gang: बंबीहा गैंग का गुर्गा दो साथियों सहित गिरफ्तार

Published On

अवैध हथियार और हेरोइन बरामद, 16 मुकदमों में नामजद आरोपी

कोटकपूरा (सच कहूँ/अजय मनचंदा)। Kotkapura News: एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन आईपीएस की अगुवाई में फरीदकोट पुलिस ने अपराध और नशे के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह गोरैया और डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह के दिशा-निर्देशों में सीआईए स्टाफ फरीदकोट ने एक अहम आॅपरेशन के दौरान बंबीहा गैंग के गुर्गे को उसके दो साथियों सहित गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरिंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला, जोधा सिंह और अमोलक सिंह उर्फ मोली के रूप में हुई है, जो कोटकपूरा के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से 21 ग्राम हेरोइन, एक देसी पिस्तौल .30 बोर, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए।

13 मार्च को इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की निगरानी में सहायक थानेदार हाकम सिंह पुलिस पार्टी सहित नेशनल हाईवे-54 पर सिखावाला रोड कोटकपूरा में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बस स्टॉप पर बैठे आरोपियों की तलाशी ली गई, जिसमें नशा और हथियार बरामद हुए। इस संबंध में थाना सिटी कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। फरीदकोट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार किस उद्देश्य से रखा गया था और हेरोइन कहां से लाई गई तथा आगे कहां सप्लाई की जानी थी। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और उनके नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है ताकि पूरे गिरोह को बेनकाब किया जा सके। Kotkapura News

गिरफ्तार आरोपी पहले से ही अपराधी पृष्ठभूमि वाले हैं। सुरिंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला के खिलाफ हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और नशा तस्करी सहित 10 मुकदमे दर्ज हैं। उसके साथी जोधा सिंह के खिलाफ भी नशा तस्करी और अन्य धाराओं के तहत 6 मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें:– मुख्यमंत्री ने जताया विस अध्यक्ष की मां के निधन पर शोक

About The Author

Related Posts