स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार: बठिंडा में खुले चार नए आयुष्मान आरोग्य केंद्र

Published On

42 प्रकार के लैब टेस्ट और 107 प्रकार की मुफ्त दवाइयां उपलब्ध होंगी

बठिंडा (सच कहूँ/सुखजीत मान)। Ayushman Arogya Kendra: पंजाब सरकार द्वारा लोगों को घर के नजदीक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान आरोग्य केंद्रों की स्थापना लगातार की जा रही है। इसी कड़ी के तहत आज जिला बठिंडा में चार नए आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बठिंडा शहरी के विधायक जगरूप सिंह गिल द्वारा किशोरी राम रोड पर तथा बठिंडा के मेयर पदमजीत महिता द्वारा चार सौ किला क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य केंद्र का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा मलूका में इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जतिंदर भल्ला ने एसएमओ भगता डॉ. सीमा गुप्ता की उपस्थिति में केंद्र का शुभारंभ किया। Bathinda News

इसी प्रकार घुद्धा में सिविल सर्जन बठिंडा डॉ. तपिंदरजोत और एसएमओ संगत डॉ. पामिल द्वारा भी आयुष्मान आरोग्य केंद्र का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन के दौरान विधायक जगरूप सिंह गिल ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य हर वर्ग तक मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को मुफ्त चिकित्सीय परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। मेयर पदमजीत महिता ने कहा कि इस केंद्र से चार सौ किला क्षेत्र के लगभग 5000 से अधिक मजदूरों को लाभ मिलेगा और भविष्य में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। Bathinda News

इस संबंध में सिविल सर्जन बठिंडा डॉ. तपिंदरजोत ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में मरीजों को मुफ्त ओपीडी सेवाएं, 42 प्रकार के लैब टेस्ट और 107 प्रकार की मुफ्त दवाइयां प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की गई है, ताकि लोगों को उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस मौके पर जिला परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. सुखजिंदर सिंह गिल, डॉ. करण अबरोल, डिप्टी मास मीडिया अधिकारी रोहित जिंदल, बीईई गगनदीप सिंह भुल्लर, ग्रोथ सेंटर के प्रधान राम प्रकाश जिंदल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। Bathinda News

यह भी पढ़ें:– खेतों में लापता युवक का शव मिला, ग्रामीणों में दहशत

About The Author

Related Posts