बस रोककर कंडक्टर से मारपीट व लूट, ड्राइवर पर भी हमला
7-8 जनों के खिलाफ केस दर्ज
हनुमानगढ़। दिनदहाड़े बस को रोककर कंडक्टर के साथ मारपीट और लूटपाट करने का मामला सामने आया है। घटना में बीच-बचाव करने आए ड्राइवर को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा और उसके साथ भी मारपीट की गई। संगरिया थाना पुलिस ने मामले में नामजद सहित 6-7 अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार, चानण सिंह (48) पुत्र हरबंश सिंह निवासी खुबणा तहसील सीतो गुना जिला फाजिल्का, पंजाब ने रिपोर्ट दी कि वह बस नम्बर आरजे 31 पीबी 0031 का चालक है। उसकी बस रोजाना सादुलशहर से संगरिया के बीच संचालित होती है। 28 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे जब बस गांव दीनगढ़ पहुंची, तभी पीछे से एक कार में सवार रोहताश पुत्र सुभाष निवासी दीनगढ़ अपने 6-7 साथियों के साथ आए और बस के आगे कार लगाकर उसे रुकवा लिया।
आरोप है कि सभी आरोपी बस के पास आए और गाली-गलौज करते हुए कंडक्टर गुरचरण सिंह को नीचे उतार लिया। इसके बाद उसके बैग से करीब 3000-3200 रुपए निकाल लिए और लोहे की रॉड व डंडों से उसके साथ मारपीट की। ड्राइवर चानण सिंह ने जब बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे उसके दोनों हाथों में चोटें आईं और खून बहने लगा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर दोनों को छुड़वाया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले में कंडक्टर के पैरों में गंभीर चोटें आईं, यहां तक कि फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। घायल कंडक्टर को राजकीय चिकित्सालय संगरिया में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपी रोहताश व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच उप निरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और मामले में सख्त कार्रवाई होगी। Hanumangarh News
