राजकार्य में बाधा, अपमान व गाली-गलौज का आरोप

कनिष्ठ सहायक ने ग्राम पंचायत प्रशासक के खिलाफ दर्ज कराया मामला

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। भादरा तहसील की ग्राम पंचायत कलाना में कार्यरत कनिष्ठ सहायक के साथ अमानवीय व्यवहार, गाली-गलौज और राजकीय कार्य में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में भादरा थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आबिद खां (28) पुत्र नियामत अली निवासी वार्ड नम्बर 22, भादरा, जो वर्तमान में ग्राम पंचायत कलाना में कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। Hanumangarh News

प्रार्थी के अनुसार, घटना 29 अप्रैल की है जब वह ग्राम पंचायत कार्यालय कलाना में अपने राजकीय कार्य कर रहे थे। उसी दौरान ग्राम पंचायत कलाना के निवर्तमान सरपंच एवं वर्तमान प्रशासक शेराराम बिजारणिया कार्यालय में आए और बिना किसी कारण उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी के ऊपर थूककर न केवल अपमान किया बल्कि विरोध करने पर पुन: उनके सिर पर थूकते हुए गाली-गलौज भी की। इससे सरकारी कार्य बाधित हुआ तथा कर्मचारी की गरिमा को ठेस पहुंची।

प्रार्थी ने यह भी बताया कि इस घटना के संबंध में पंचायत समिति भादरा के विकास अधिकारी की ओर से 6 मई को आरोपी को नोटिस जारी किया गया है, जिससे घटना की पुष्टि होती है। भादरा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले का अनुसंधान उपनिरीक्षक साहबराम को सौंपा गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author