आर्य समाज ने डिस्कॉम पर लगाए गंभीर आरोप!

Published On

सात दिन में मुकदमा दर्ज नहीं होने पर धरने की चेतावनी

हनुमानगढ़। आर्य समाज हनुमानगढ़ टाउन ने गुरुवार को जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपकर गलत सूचना के आधार पर विद्युत कनेक्शन विच्छेद करवाने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि 26 जनवरी 2025 को अवकाश के दिन बिना किसी पूर्व सूचना के आर्य समाज परिसर की दुकानों की बिजली आपूर्ति रात करीब 7:15 बजे काट दी गई। जबकि सभी दुकानों के अलग-अलग मीटर हैं और पिछले 35-40 वर्षों से किरायेदार नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते आ रहे हैं। उस समय किसी प्रकार का बकाया भी नहीं था। Hanumangarh News

आर्य समाज पदाधिकारियों के अनुसार, 27 व 28 जनवरी को लगातार दो दिन तक दुकानदारों के साथ विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस दौरान दुकानदारों को आर्थिक, मानसिक व सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ा और उनकी साख को भी नुकसान पहुंचा। मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, हनुमानगढ़ में भी परिवाद दायर किए गए हैं। आयोग में प्रस्तुत जवाब में विभाग ने स्वयं स्वीकार किया है कि आर्य समाज मंदिर ट्रस्ट के महासचिव राजू वर्मा द्वारा गलत तथ्यों के आधार पर बिजली सप्लाई बंद करवाई गई।

आवश्यक सेवा माने जाने वाले विद्युत विभाग द्वारा बिना जांच के कार्रवाई करना गंभीर लापरवाही है

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि आवश्यक सेवा माने जाने वाले विद्युत विभाग द्वारा बिना जांच के कार्रवाई करना गंभीर लापरवाही है। साथ ही, पूर्व में 9 अगस्त 2025 को 3 जीएसएस में घुसकर एक निजी व्यक्ति द्वारा शहर की बिजली आपूर्ति करीब 8 घंटे तक बाधित करने की घटना का भी उल्लेख किया गया, जिस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आर्य समाज ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति द्वारा विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से अन्य संस्थाओं के बिजली कनेक्शन में भी गड़बड़ी की गई है, जिसकी जांच पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में चल रही है।

आर्य समाज ने मांग की है कि विभाग को गुमराह कर आवश्यक सेवा बाधित करने वाले आरोपी के खिलाफ 7 दिनों के भीतर मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। अन्यथा, संगठन के पदाधिकारी डिस्कॉम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। इस मौके पर आर्य समाज प्रधान सुरेंद्र बेनीवाल, उप प्रधान सतपाल ग्रोवर, संगठन मंत्री पुरुषोत्तम कौशिक, धर्मंेद्र बजाज, सरबजीत सिंह, दर्शन लाल सोनी एवं सदस्य जगवंत सिंह, लीलाधर मौजूद रहे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts