घर में घुसकर युवक व उसकी मां से की मारपीट
लोहे की पाइप व लाठी से हमला, टाउन थाना में दो आरोपियों पर मुकदमा
हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, नौरंगदेसर में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर युवक व उसकी मां के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार आदर्श नगर, वार्ड नम्बर 2, नौरंगदेसर निवासी 33 वर्षीय महेश कुमार पुत्र नंदलाल जाट ने थाना में रिपोर्ट दी कि उसके पड़ोस में रहने वाला सतवीर ढाका व उसका परिवार लंबे समय से उसे परेशान करते हैं तथा आए दिन गाली-गलौज और झगड़ा करते रहते हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि 11 मई की रात करीब 10 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान सतवीर ढाका तथा भूराराम नायक निवासी आदर्श नगर एकराय होकर उसके घर पहुंचे। Hanumangarh News
आरोप है कि दोनों शराब के नशे में थे और आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों ने उसके घर पर ईंट-पत्थर फेंके। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। महेश कुमार ने आरोप लगाया कि सतवीर ढाका ने घर में घुसकर लोहे की पाइप से उसके सिर पर वार किए, जबकि भूराराम नायक ने लाठी से हमला किया। शोर सुनकर उसकी मां विमला बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की तथा धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपी उसे अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद एम्बुलेंस की सहायता से उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी मिलने पर उसने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच शेरगढ़ पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी को सौंपी गई है। Hanumangarh News