एफ4एस कार्यक्रम के तहत हनुमानगढ़ ब्लॉक के 66 स्कूलों में बांटे जाएंगे फुटबॉल

478 फुटबॉल का वितरण शुरू, विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने पर जोर

Manmohan Picture
Published On

Football Distributed: हनुमानगढ़। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के एफ4एस (फुटबॉल फॉर स्कूल्स) (Football for Schools Program) कार्यक्रम के तहत जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए फुटबॉल वितरित किए जा रहे हैं। इस संबंध में पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय पल्लू की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी हनुमानगढ़ को पत्र भेजा गया था। Hanumangarh News

पत्र में बताया गया कि शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार तथा नवोदय विद्यालय समिति मुख्यालय नोएडा के निर्देशानुसार विद्यार्थियों में खेल भावना और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फुटबॉल वितरण किया जा रहा है। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पल्लू के प्राचार्य संजीव झाझड़िया ने जिला शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया था कि सूची अनुसार विद्यालयों में कुल 478 फुटबॉल वितरित करवाए जाएं।

साथ ही वितरण के बाद संबंधित विद्यालयों से प्राप्ति रसीद लेकर उसका अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने को भी कहा गया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय हनुमानगढ़ के इन्द्रजीत शर्मा ने बताया कि पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पल्लू से 478 फुटबॉल प्राप्त हुई हैं, जिन्हें हनुमानगढ़ ब्लॉक के 66 विद्यालयों में सूची अनुसार वितरित किया जाना है। उन्होंने बताया कि 500 से अधिक नामांकन वाले सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में बालक एवं बालिकाओं के लिए फुटबॉल उपलब्ध करवाए जाएंगे।

खेल मंत्रालय की ओर से खेलों, विशेषकर फुटबॉल, को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह खेल सामग्री वितरित की जा रही है। इन्द्रजीत शर्मा ने बताया कि अब तक 42 विद्यालयों में फुटबॉल वितरित किए जा चुके हैं। सभी नोडल विद्यालयों को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से फुटबॉल प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षकों को बच्चों को फुटबॉल खेल से जोड़ने के लिए पाबंद किया गया है। साथ ही समय-समय पर इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि खेल सामग्री का उपयोग विद्यार्थियों की ओर से किया जा रहा है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts