Punjab
मकान विवाद व बैंक चेक धोखाधड़ी का मामला
80 वर्षीय वृद्ध की शिकायत पर कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने मकान पर अवैध कब्जा, चोरी, धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला एसीजेएम न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया है। यह इस्तगासा घीचर सिंह (80) पुत्र तीतर सिंह निवासी बांडा कॉलोनी, अनूपगढ़ जिला श्रीगंगानगर की ओर से प्रस्तुत किया गया था। Hanumangarh News
मामले में परमिंद्र कौर पत्नी वकील सिंह, मनजोत कौर पुत्री वकील सिंह, विजय कुमार, रघुवीर सिंह खोसा सहित अन्य अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घीचर सिंह के अनुसार, उसका पुत्र कुलदीप सिंह हनुमानगढ़ बस डिपो में चालक था, जिसकी मृत्यु 17 नवंबर 2025 को हो चुकी है। उसके बाद पुत्र के नाम पर स्थित वार्ड नम्बर 40, सेक्टर नम्बर 6 स्थित मकान को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। आरोप है कि परमिंद्र कौर और मनजोत कौर ने मकान में अवैध रूप से प्रवेश कर ताले तोड़ दिए और मकान पर कब्जा कर लिया। साथ ही घर में रखे बीमा पॉलिसी, बैंक पासबुक, मकान पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा कीमती सामान चोरी कर लिया गया।
प्रार्थी का आरोप है कि रघुवीर सिंह खोसा ने पुरानी रंजिश के चलते अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। इस्तगासे के अनुसार, मृतक के एसबीआई खाते से संबंधित चेक चोरी कर लिए गए, जिनका उपयोग कर विजय कुमार ने 29 और 30 जनवरी 2026 को दो बार में कुल 2 लाख 60 हजार रुपए अपने खाते में जमा करवा लिए। 11 मार्च 2026 को जब वह अपनी पत्नी के साथ मकान देखने गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की, धक्का देकर बाहर निकाल दिया और धमकी दी कि यह मकान उनका है।
न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गुरदेव सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब मकान कब्जे, बैंक लेन-देन और दस्तावेजों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News