Vaccination: वैक्सीनेशन को लेकर मेडिकल विभाग अलर्ट, भ्रांतियां फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

1100 से अधिक बालिकाओं को लग चुकी एचपीवी वैक्सीन

Published On

Vaccination: हनुमानगढ़। टाउन स्थित पंचायत समिति कार्यालय के सभागार में चिकित्सा विभाग की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एमओआईसी, एएनएम स्टाफ सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान सरकार के प्रमुख स्वास्थ्य कार्यक्रमों जैसे एचपीवी वैक्सीनेशन, टीबी कैंपेन, संस्थागत डिलीवरी तथा माताओं एवं बच्चों को दी जाने वाली सुविधाओं की गहन समीक्षा करते हुए विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में हनुमानगढ़ जिला बेहतर कार्य कर रहा है। जिले में अब तक 1100 से अधिक बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है तथा भादरा क्षेत्र में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की ओर से सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ ब्लॉक में भी अधिकाधिक 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं का वैक्सीनेशन करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

डॉ. शर्मा ने बताया कि यह वैक्सीनेशन केवल 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए किया जाना है, इसलिए लाभार्थियों की संख्या सीमित है। साथ ही जागरूकता की कमी भी एक चुनौती बनी हुई है। इसे देखते हुए चिकित्सा विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। सीएमएचओ ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर भ्रांतियां फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब का एक व्यक्ति, जो स्वयं को डॉक्टर बता रहा है, मेडिकल विभाग के आईईसी ग्रुप पर अनावश्यक टिप्पणियां कर रहा था। इस मामले में जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को शिकायत भेजी गई है तथा ऐसे लोगों के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज करवाए जाएंगे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts