टिब्बी में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का औचक निरीक्षण, अधिकारियों ने की कार्य की सराहना
उपखंड अधिकारी ने जनगणना कार्य की प्रगति का लिया जायजा
टिब्बी (सच कहूँ/अंकित वधवा)। Tibbi News: जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्य का शनिवार को उपखंड जनगणना अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी टिब्बी सत्यनारायण सुथार द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम सलेमगढ़ में सुपरवाइजर सर्किल 21 में प्रगणक महावीर सामरिया द्वारा किए जा रहे एचएलबी संख्या 213 तथा सुपरवाइजर सर्किल 20 में अशोक सबलाणिया द्वारा किए जा रहे एचएलबी संख्या 218 के कार्य का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने दोनों प्रगणकों के कार्य की सराहना की।
इस दौरान उपखंड अधिकारी सत्यनारायण सुथार ने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश के विकास एवं योजनाओं के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे प्रगणकों एवं सुपरवाइजर को सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि विकास योजनाओं का बेहतर निर्माण किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने जनगणना प्रकोष्ठ प्रभारी राकेश भार्गव एवं सुभाष मांडन से जनगणना कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली।
प्रभारियों ने बताया कि टिब्बी ग्रामीण क्षेत्र को 397 एचएलबी एवं 44 सुपरवाइजर सर्किल में विभाजित किया गया है, जिसमें 256 प्रगणक कार्य कर रहे हैं। साथ ही सभी सुपरवाइजर सर्किलों एवं चार्ज स्तर पर जनगणना प्रकोष्ठ द्वारा कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। इस अवसर पर सुपरवाइजर सुखविंदर सिंह, भवानी सिंह शेखावत, पवन सिंह, गौरीशंकर सुथार, अशोक सबलाणिया, महावीर प्रसाद, चंद्र मोहन एवं हरदेव सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author