शहर में हिंसक व आवारा कुत्तों का आतंक

Published On

राष्ट्रीय युवक परिषद ने की समस्या से निजात दिलाने की मांग

Stray Dogs Terror: हनुमानगढ़। शहर में हिंसक व आवारा कुत्तों की लगातार बढ़ती संख्या ने नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस समस्या की तरफ राष्ट्रीय युवक परिषद ने ध्यान आकर्षित करवाते हुए मंगलवार को नगर परिषद प्रशासक-एडीएम को ज्ञापन सौंपकर ठोस कार्रवाई की मांग की। परिषद के जिलाध्यक्ष एवं संभागीय प्रभारी प्रवीण जैन के अनुसार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आमजन, राहगीरों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन व रात के समय कई स्थानों पर कुत्तों के झुंड राहगीरों पर हमला कर रहे हैं। Hanumangarh News

बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं विशेष रूप से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। कई बार वाहन चालकों के पीछे कुत्ते दौड़ने से दुर्घटनाएं होने की भी आशंका बनी रहती है। परिषद ने जिन क्षेत्रों को अधिक प्रभावित बताया है, उनमें जंक्शन में सूरतगढ़ रोड, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास व पीछे वाली गली, नगीना मार्ग, गांधीनगर, मोदी किरयाना स्टोर के आसपास, चूना फाटक, क्राउन सिटी कॉलोनी व झूलेलाल मंदिर के आसपास, हाउसिंग बोर्ड में सुरेन्द्र बैद के घर के पास, सुरेशिया क्षेत्र, सेक्टर 6 के पास तथा टाउन में किले के सामने वाले मोहल्ले शामिल हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 5 फरवरी की रात करीब 12.30 बजे सूरतगढ़ रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास एक राहगीर व उसके बच्चे पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। राष्ट्रीय युवक परिषद ने नगर परिषद प्रशासक से मांग की कि शीघ्र प्रभावी कदम उठाकर शहर को हिंसक आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाई जाए, ताकि आमजन सुरक्षित महसूस कर सके। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts