Traffic Rules: यातायात नियमों की अनदेखी बन सकती है जानलेवा

सेमीनार में छात्र-छात्राओं को दिलाई यातायात नियमों की पालना की शपथ

Manmohan Picture
Published On

Traffic Rules: हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशानुसार सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा अभियान के तहत यातायात शाखा की ओर से जंक्शन स्थित अलाइन स्किल्स एड्यूटेक में जागरूकता सेमीनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की पालना का महत्व बताया गया। Hanumangarh News

सेमीनार को संबोधित करते हुए यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने कहा कि यातायात पुलिस या सड़क किसी की दुश्मन नहीं होती, लेकिन नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का कारण बनती है। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस केवल चालान काट सकती है या वाहन सीज कर सकती है, लेकिन सड़क पर हुई एक गलती किसी निर्दोष व्यक्ति की जान भी ले सकती है।

उन्होंने युवाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि वर्तमान में कई युवा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बिना हेलमेट स्टंट करते नजर आते हैं। दिन के समय कार्रवाई बढ़ने के बाद कुछ युवक अब रात में सड़कों पर हुड़दंग और स्टंटबाजी कर रहे हैं। इसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अब रात्रिकालीन अभियान भी शुरू किया गया है और लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात शाखा प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने युवाओं से स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की जान की जिम्मेदारी समझते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। संस्था निदेशक लोकेश शर्मा ने यातायात पुलिस की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सख्ती जनहित में है और इससे कई निर्दोष लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सुरक्षित वाहन चलाने और नियमों की पालना का संकल्प लेने का आह्वान किया। अंत में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की पालना की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर स्टाफ सदस्य जय प्रकाश, पूनम, शिखा, विक्रम, रेयान, गुरप्रीत, दिव्या और प्रियंका मौजूद रहे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts