ट्रोले की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
चालक वाहन सहित फरार, एक घायल जयपुर, दूसरा हिसार रेफर
हनुमानगढ़। सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। हादसे के बाद ट्रोला चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। भादरा थाना पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रामावतार (56) पुत्र नारायण यादव निवासी सुजातनगर पीएस परागपुरा तहसील पावटा जिला कोटपुतली-बहरोड़, ने भादरा थाना में रिपोर्ट दी। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि सुभाष पुत्र नारायण यादव निवासी सुजातनगर और कानाराम पुत्र घड़सीराम कुम्हार निवासी लाडवी तहसील मंडी आदमपुर जिला हिसार, हरियाणा 28 अप्रैल को सुबह करीब 9 बजे ग्राम झाझड़ियों की ढाणी से मोटर साइकिल नम्बर एचआर 20 एवाई 6174 पर पैसे लाने के लिए निकले थे। आरोप है कि रात करीब 9.30 बजे ग्राम पटवा के पास एक ट्रोला चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना परिजनों को करीब 10.30 बजे मिली।
इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से एक को गंभीर हालत में जयपुर और दूसरे को हिसार रेफर किया गया। हादसे के बाद ट्रोला चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। भादरा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल नरेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। Hanumangarh News
