मक्कासर में स्मार्ट मीटर पर बवाल, ग्रामीणों ने उतरवाया मीटर

Published On

ग्रामीण बोले ‘जनता के साथ लूट बर्दाश्त नहीं, क्षेत्र में नहीं लगने देंगे स्मार्ट मीटर’

हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव मक्कासर में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर गुरुवार को विरोध देखने को मिला। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में निजी कंपनी के प्रतिनिधियों की ओर से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन इसकी भनक लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जोरदार विरोध शुरू कर दिया। स्थिति ऐसी बनी कि कंपनी प्रतिनिधियों को विद्यालय के बाहर बिजली पोल पर लगाया गया स्मार्ट मीटर भी उतारना पड़ा और बिना काम पूरा किए ही वापस लौटना पड़ा। Hanumangarh News

ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि गांव में किसी भी हालत में स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष मक्कासर ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से करीब एक वर्ष पहले स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। तभी से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में इसका लगातार विरोध हो रहा है। करीब एक माह पहले भी कंपनी के प्रतिनिधि गांव में ट्रांसफार्मर पर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे, लेकिन उस समय भी ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध किया और मीटर नहीं लगाने दिए।

सुभाष मक्कासर ने स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया उपभोक्ताओं के हित में नहीं है। उनका आरोप है कि सरकार निजी कंपनियों के साथ मिलकर स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले से लगे पारंपरिक मीटरों की मरम्मत कर उनका ही उपयोग किया जा सकता है, लेकिन इसके बजाय नई तकनीक के नाम पर लोगों से अधिक पैसे वसूलने की तैयारी की जा रही है।

पंचायत प्रशासन भी विरोध में उतरा | Hanumangarh News

ग्राम पंचायत प्रशासक बलदेव सिंह ने भी स्मार्ट मीटर का विरोध करते हुए कहा कि यह केवल मक्कासर का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र में इसका विरोध हो रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड 50 में भी स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, लेकिन वहां भी लोगों के विरोध के चलते उन्हें हटाना पड़ा। बलदेव सिंह ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी पहले से ही विवादों में रही है और उसे ब्लैकलिस्टेड बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कंपनी के जरिए जनता के साथ ‘लूट’ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आंदोलन की चेतावनी, पूरे जिले में विरोध की तैयारी

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने साफ कहा कि अगर प्रशासन ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया नहीं रोकी, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो जिला स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ एक गांव की लड़ाई नहीं, बल्कि पूरे हनुमानगढ़ जिले के उपभोक्ताओं का मुद्दा है। इसलिए वे किसी भी कीमत पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts