रेलवे प्लेटफॉर्म के पास महिला ने फांसी लगाकर दी जान

Published On

टाउन रेलवे स्टेशन का मामला

हनुमानगढ़। टाउन के रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म के पास एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूलते मिलने पर सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को नीचे उतार जिला अस्पताल के मोर्चरी रूम में पहुंचाया। घटना गुरुवार रात्रि की है। मृतका के परिजनों ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात्रि को करीब 12 बजे जंक्शन स्थित जीआरपी थाना में दूरभाष के जरिए सूचना मिली कि टाउन रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म के पास बिजली के पोल पर अज्ञात महिला का शव फंदे पर झूल रहा है। सूचना मिलने पर जीआरपी थाने के हैड कांस्टेबल राजेन्द्र डूडी मौके पर पहुंचे तो चुन्नी से बनाए गए फंदे पर झूल रही महिला की पहचान हरप्यारी (42) पत्नी पप्पूसिंह धानक निवासी वार्ड 44, मुखर्जी कॉलोनी, टाउन के रूप में हुई। पुलिस ने पहचान होने पर मृतका के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मृतका के बेटे का आरोप था कि उसकी मां को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किया गया। इससे दुष्प्रेरित होकर उसकी मां ने आत्महत्या कर ली। इस पर रेलवे पुलिस ने आत्महत्या दुष्प्रेरण के आरोप में मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। रेलवे पुलिस के अनुसार महिला की ओर से आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल यह पता लगाया जा रहा है कि वह घटनास्थल पर अकेली ही आई थी या उसके साथ कोई और भी था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts