बलिया गोलीकांड : मुख्य आरोपी भाजपा कार्यकर्ता धीरेन्द्र सिंह गिरफ्तार

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के बलिया में दुस्साहिक वारदात को अंजाम देकर फरार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता धीरेन्द्र सिंह को पुलिस ने रविवार को लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गोलीकांड के आरोपी धीरेन्द्र को जनेश्वर मिश्र पार्क के निकट धर दबोचा। एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक अमिताभ यश ने बताया कि धीरेंद्र सिंह और उसके दो साथियों को आज लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। तीनों से एक अज्ञात स्थान पर पूछताछ की जा रही है।

अपर पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने पत्रकारों से कहा कि एक सूचना के आधार पर बलिया गोलीकांड के मुख्य आरोपी के साथ संतोष यादव और अमरजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। 50-50 हजार रुपए के इनामी को बलिया पुलिस को सौंपा जाएगा। धीरेंद्र से पहले आठ नामजद और करीब 25 अज्ञात आरोपियों में सिर्फ सात की गिरफ्तारी हुई थी लेकिन लखनऊ में हुयी गिरफ्तारियों के बाद पुलिस के हत्थे अब तक दस लोग चढ़ चुके है।

क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि बलिया के रेवती थाना के दुर्जनपुर गांव में पिछले गुरूवार को खुली पंचायत में एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में धीरेन्द्र ने जयप्रकाश पाल की गोली मार कर हत्या कर दी थी। धीरेन्द्र भाजपा का स्थानीय नेता था और बैरिया के विधायक सुरेन्द्र सिंह का करीबी था। भाजपा विधायक आरोपी के समर्थन में खुलकर सामने आये थे जिसके बाद पार्टी आलाकमान ने उन्हे तलब किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलिया की घटना को गंभीरता से लेते हुये एसडीएम और सीओ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts