दिल्ली के तापमान में वृद्धि जलवायु परिवर्तन के कारण नहीं

Published On

नई दिल्ली। मौसम विभाग (Delhi’s Temperature) ने सोमवार को कहा कि रविवार को दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने का जलवायु परिवर्तन से कोई लेना-देना नहीं है और यह पूरी तरह एक स्थानीय शहरी घटना थी। मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दिल्ली के कुछ इलाकों में रविवार को बढ़े तापमान के पीछे शहरीकरण, पेड़-पौधों की कमी, कंक्रीट संरचनाओं और जनसंख्या के अधिक घनत्व जैसे कारण हैं।

इसका जलवायु परिवर्तन से कोई लेना-देना नहीं है। महापात्र ने कहा, ‘दिल्ली में केवल दो वेधशाला केंद्रों ने 49 डिग्री से अधिक तापमान दिखाया है, जबकि दो मुख्य मौसम वेधशाला केंद्रों, सफदरजंग और पालम में औसत तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि उत्तर- पश्चिमी जिले मुंगेशपुर (उत्तर पश्चिम) और दक्षिण-पश्चिमी जिले नजफगढ़ में पारा क्रमश: 49.2 डिग्री और 49.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

उन्होंने कहा, ‘गर्म हवाएं और लू आमतौर पर मई में चलती है और इस महीने में इस तरह का मौसम सामान्य होता है। इस साल लू का प्रकोप आठ मई से शुरू हुआ और यह देश के पश्चिमी, मध्य और उत्तरी हिस्सों में फैल गया लेकिन पूर्वी हिस्सों में नहीं फैला, यह केवल पंजाब, हरियाणा, राजस्थान उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश तक ही सीमित है।

महापात्र ने कहा, ‘मध्य क्षोभमंडल से सतह की ओर जब भी हवा का अभाव होगा, तापमान में वृद्धि होगी और व्यावहारिक रूप से मई के महीने में यह बहुत सामान्य है। उन्होंने कहा कि आज (सोमवार) से तापमान गिरना होना शुरू हो जाएगा और लू का प्रकोप भी कम होगा।

उन्होंने कहा, ‘हमने आज दिल्ली के आसमान में बादल छाये हुए देखे हैं, जो अपने आप में शहर में तापमान कम होने का संकेत है लेकिन अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री रह सकता है, जो रविवार को दर्ज किए गए अधिकतम तापमान से 4.6 डिग्री कम होगा।

दिल्ली (Delhi’s Temperature) के बीचों-बीच सेंट्रल विस्टा में बहुत बड़े क्षेत्र में निर्माण गतिविधियां चल रही हैं तथा बुराड़ी में मेट्रो परियोजना विस्तार, दिल्ली-मेरठ रेल मार्ग निर्माण के अलावा मुंडका त्रासदी, भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइट (कूड़े के ढेर) में आग सहित नियमित अग्निकांडों के कारण भी राजधानी का मौसम गर्म होता जा रहा है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts