UP Accidents: यूपी में हादसों से हड़कंप! ललितपुर में 4 युवक डूबे व अयोध्या में 3 लापता
प्रशासन और बचाव एजेंसियां लगातार राहत कार्य में जुटी
UP Accidents: ललितपुर/अयोध्या। उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हुए जल हादसों ने गहरा दुख और चिंता पैदा कर दी है। ललितपुर जिले में नहर में नहाने के दौरान चार युवकों की जान चली गई, जबकि अयोध्या की पवित्र सरयू नदी में तीन युवक लापता हो गए हैं। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासन और बचाव एजेंसियां लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं। ललितपुर में यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ युवक नहर में स्नान कर रहे थे। Uttar Pradesh News
बताया गया कि एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य युवक भी नहर में उतर गए और देखते ही देखते कई लोग तेज बहाव में फंस गए। सभी युवक मध्य प्रदेश के वस्त्रावन गांव से एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे और बाद में रिश्तेदारों से मिलने हर्षपुर गांव पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक को बचाने के लिए क्रमशः पांच युवक पानी में उतरे, लेकिन उनमें से चार की डूबने से मृत्यु हो गई। एक अन्य युवक को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया, जिसे उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। वहीं अयोध्या में सरयू नदी के तट पर स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार कुछ युवक निर्धारित सुरक्षा सीमा को पार कर आगे बढ़ गए, जिसके बाद वे गहरे पानी में फंस गए। तीन युवकों के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।
अयोध्या पुलिस प्रशासन के अनुसार एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें लगातार खोज अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण राहत कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे सुरक्षा नियमों का पालन करने और बैरिकेडिंग के आगे न जाने की अपील की है। इसी बीच हमीरपुर में हाल ही में हुए नाव हादसे की घटना भी लोगों के मन में ताजा है, जहां नाव पलटने से कई लोग नदी में बह गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जल सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। Uttar Pradesh News