नक्शा प्रोजेक्ट के तहत डिजिटल भूमि रिकॉर्ड सर्वे को लेकर हुई बैठक

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

मानेसर नगर निगम क्षेत्र की प्रत्येक प्रॉपर्टी का तैयार हो रहा है डिजिटल डेटा

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत भू-मालिकों की सटीक पहचान करने के लिए केंद्र सरकार के नक्शा प्रोजेक्ट के अंतर्गत नगर निगम मानेसर क्षेत्र की जमीन पर चल रहे सर्वे को लेकर आयुक्त प्रदीप सिंह ने गुरुवार को सर्वे कार्य की समीक्षा बैठक ली। केंद्र सरकार के नक्शा प्रोजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की निजी, सरकारी सभी भूमि का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। लैंड सर्वे में जिला राजस्व विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है। सर्वे टीम गांवों, सेक्टरों, वाणिज्यिक संस्थानों आदि सभी जगह जाकर सर्वे कर रही है। Gurugram News

भू-मालिकों से भूमि के दस्तावेज, मालिकों का ब्यौरा लिया जा रहा है। सर्वे का उद्देश्य भूमि संबंधी प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना है। आमजन को अपनी संपत्ति की सटीक जानकारी डिजीटल माध्यम से उपलब्ध होगी। सर्वे पूरा होने पर संपत्ति विवादों, अवैध कब्जों पर रोक और भूमि स्वामित्व की पहचान आसानी से हो सकेगी। ड्रोन और अन्य तकनीकी साधनों से जमीन का सर्वे किया जा रहा है। डिजिटल नक्शे बनाए जाएंगे। नगर निगम की ओर से गठन टीमें यह काम कर रही है। आयुक्त ने टीम के द्वारा किए गए कामों की समीक्षा करते हुए कहा कि काम में तेजी लाएं। 27 अप्रैल तक सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना सुनिश्चित करें। इस दौरान राजस्व विभाग की ओर से पटवारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। पटवारियों के माध्यम से सर्वे टीम और राजस्व रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा।

मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार के पायलट प्रोजेक्ट के तहत शहरी क्षेत्रों में भूमि के रिकॉर्ड को डिजिटल किया जा रहा है। हरियाणा में मानेसर, पंचकूला नगर निगम और नारनौल नगर परिषद से इसकी शुरूआत की गई है। इस योजना का सीधा लाभ आमजन को मिलेगा। शहरी भूमि प्रबंधन से जनता में विश्वास बढ़ेगा और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा। आयुक्त ने निगम क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि निगम की ओर से सर्वे टीम गठित की गई है, उनका सहयोग करें। जमीन, मकान, प्लॉट आदि से संबंधित जरूरी दस्तावेज सर्वे टीम के मांगने पर दिखाएं। बैठक में संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, लोकेश यादव, डीटीपी राजेंद्र शर्मा, एसडीओ संजोग शर्मा, राजस्व विभाग के पटवारी सहित सर्वे टीम के कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद रहे। Gurugram News

यह भी पढ़ें:– सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

About The Author

Related Posts