वन विभाग एवं वन्य प्राणी विभाग, कलेसर की बड़ी कार्रवाई
खैर की लकड़ी से भरी महिंद्रा बोलेरो पिकअप बरामद, 3 के खिलाफ मामला दर्ज
प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: वन विभाग एवं वन्य प्राणी विभाग कलेसर की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नांगलपती क्षेत्र से अवैध रूप से काटकर बड़ी मात्रा में इकट्ठी की खैर की लकड़ी बरामद की है।
प्राप्त सूचना के आधार पर आज दोपहर लगभग 3:00 बजे टीम को जानकारी मिली कि नांगलपती निवासी अमजद पुत्र सलीम के घर में भारी मात्रा में अवैध खैर की लकड़ी रखी हुई है। सूचना मिलते ही टीम द्वारा लगभग 3:30 बजे मौके पर छापेमारी की गई।
छापामारी के दौरान मौके से महिंद्रा बोलेरो पिकअप नंबर HR 58 B 6011 में लोड 52 नग छिले हुए खैर के मोच्छे, जिनका वजन लगभग 16 क्विंटल है, बरामद किए गए।
प्राथमिक जांच एवं बरामद लकड़ी के मिलान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बरामद खैर की लकड़ी का संबंध अराईयावाली एवं हर्बल पार्क क्षेत्र में किए गए अवैध कटान से पाया गया है। इस संबंध में विभाग द्वारा लकड़ी के स्रोत एवं अवैध कटान से जुड़े तथ्यों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस मामले में आसिफ पुत्र जमील निवासी नांगलपती, मुंशी पुत्र बशीर निवासी नांगलपती तथा इसरार पुत्र नजीर निवासी जागलपती/मिल्क के खिलाफ वन अधिनियम एवं वन्य जीव अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा अवैध कटान एवं वन संपदा की तस्करी में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम:
वन विभाग एवं वन्य प्राणी विभाग कलेसर की संयुक्त टीम में अमित कुमार, अनुज रावल, नरेश कुमार, हरीश धीमान, संदीप वर्मा, मंजीत, छबील, वन्य प्राणी रक्षक संजीव, मनजीत, प्रदीप कुमार एवं संजीव कुमार