विदेशी मेहमान देखेंगे हरियाणवीं संस्कृति, चखेंगे हरियाणवीं व्यंजन

Published On

गुरूग्राम में जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर

  • उपायुक्त ने किया हेरिटेज ट्रांसपोर्ट म्यूजियम का दौरा

गुरूग्राम (सच कहूँ/संजय मेहरा)। गुरूग्राम में प्रस्तावित जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत वीरवार को डीसी निशांत कुमार यादव ने तावडू स्थित ट्रांसपोर्ट म्यूजियम का दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने हेरिटेज म्यूजियम में प्रदर्शित ईसा पूर्व से लेकर वर्तमान यातायात व्यवस्था में शामिल विभिन्न वाहनों का अवलोकन करने के साथ-साथ म्यूजियम की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

यह भी पढ़ें:– अब गरीब व्यक्ति को ईलाज करवाने के लिए नहीं करना पड़ेगा आर्थिक समस्या का सामना

जी-20 शिखर सम्मेलन के अंतर्गत 1 से 3 मार्च तक गुरूग्राम में एंटी कर्रप्शन वर्किंग ग्रुप की बैठक होनी प्रस्तावित है। इसके लिए होटल लीला का चयन किया गया है। इस बैठक के दौरान प्रतिदिन शाम को तथा इसके बाद 4 मार्च को जी-20 वर्किंग ग्रुप के सदस्य शैक्षणिक भ्रमण पर रहेंगे। राज्य सरकार का प्रयास है कि विश्व के विभिन्न हिस्सों से पधारने वाले अतिथियों को हरियाणा की कला व सांस्कृतिक विरासत से परिचय करवाने के साथ साथ उन्हें प्रदेश में स्थित ऐतिहासिक धरोहरों से भी रूबरू करवाया जाए ताकि वे यहां से हरियाणा प्रदेश के बारे में एक अच्छी छवि लेकर अपने देशों को जाएं। इसी कड़ी में दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण करवाया जा रहा है।

डीसी निशांत कुमार यादव ने ट्रांसपोर्ट म्यूजियम का दौरा करने बाद मीडियाकर्मियों को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि विदेशी मेहमानों को भ्रमण की दृष्टि से गुरूग्राम के सेक्टर-29 स्थित कैमरा म्युजियम व सुल्तानपुर गांव में स्थित पक्षी अभ्यारण्य का विकल्प दिया जा सकता है। इसी क्रम में अब संभवत: तावडू बिलासपुर रोड स्थित हेरिटेज ट्रांसपोर्ट म्यूजियम को भी भ्रमण की सूची में रखा जा सकता है। ईसा पूर्व से लेकर आधुनिक युग की यातायात व्यवस्था के इतिहास को समेटे यह अनूठा म्यूजियम काफी रोचक जानकारियों से परिपूर्ण है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा विदेशी मेहमानों के समक्ष इन स्थानों का संक्षिप्त विवरण रखते हुए उन्हें इनमें से किसी भी या सभी में भ्रमण के लिए न्यौता दिया जाएगा, बाकि उन मेहमानों की रूचि और समय की उपलब्धता पर निर्भर करेगा कि वे कहाँ जाना चाहेंगे।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts